मैच जीतने के बाद खुशी मनाते पॉवर हिटर टीम के खिलाड़ी। संवाद
बिल्सी। बदायूं बस स्टैंड के पास मैदान में चल रहे टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को पॉवर हिटर क्लब और बिल्सी स्टार क्लब के मध्य पहला सेमीफाइनल मैच खेला गया। इसमें पॉवर हिटर क्लब ने बिल्सी स्टार क्लब को 87 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
बिल्सी स्टार के कप्तान राघिब अंसारी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पॉवर हिटर के खिलाड़ियों ने निर्धारित 10 ओवर में तीन विकेट खोकर 157 रनों का विशाल स्कोर बनाया। टीम की ओर से सिद्धार्थ उर्फ जानू ने नौ छक्का और तीन चौका की मदद से 77 रन बनाए। इसके अलावा सौरभ चौहान ने चार, नदीम ने 26, फसाद ने 22 और जोनी ने 10 रन बनाए।
वहीं, बिल्सी स्टार क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए मोजिम ने दो और एजाद ने एक विकेट लिया। इसके बाद 158 रनों का लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरी बिल्सी स्टार क्लब की पूरी टीम नौ ओवर पांच गेंद पर 82 रन बनाकर आउट हो गई। इसमें वासिक राजा ने 20, सोनू ने 47 एवं रितेश ने चार रन बनाएं। इसके अलावा चार खिलाड़ी शून्य और तीन खिलाड़ी एक-एक रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, पॉवर हिटर क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए योगेश लाला ने पांच, जानू और फसाद ने दो-दो और नदीम कुरैशी ने एक विकेट लिया। इस प्रकार पॉवर हिटर क्लब को 87 रनों से विजयी घोषित किया गया। टीम की ओर से बेहतरीन प्रदर्शन पर सिद्धार्थ को मैन ऑफ द मैच दिया गया। इस मौके पर विशाल ठाकुर, रिजवान मलिक, मंयक जैन, इकरार अहमद, मोहित फौजी, वसीम कुरैशी, अयान सिद्दीकी, सुरेंद्र सिंह, संजय कुमार, जीतू सैनी, समीर कादरी आदि मौजूद रहे।