गरीबों को किश्तों पर मिलेगा बिजली कनेक्शन
हर घर में बिजली पहुंचाने की कवायद हुई तेज, पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक ने जारी किया आदेश
आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए राहत भरी खबर है। उन्हें रात के अंधेरे में मोमबत्ती या कुप्पी नहीं जलानी पड़ेगी। गर्मी में वह कूलर और पंखे का भी इस्तेमाल कर सकेंगे। शासन ने गरीब परिवारों को विद्युत कनेक्शन देने का फैसला किया है। विद्युत कनेक्शन की फीस संबंधित उपभोक्ता किश्तों में दे सकता है।
जिले में बड़ी तादाद में ऐसे परिवार हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति बिजली का कनेक्शन लेने की नहीं है। ऐसे में यह लोग या तो चोरी से बिजली का इस्तेमाल करते हैं या फिर मोमबत्ती जलाकर रात काटते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर ऐसे लोगों के हित में प्रदेश सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। हर घर को बिजली से रोशन करने और 24 घंटे आपूर्ति के प्रयास में लगी सरकार आर्थिक रूप से कमजोर लोगों से बिजली कनेक्शन की फीस किश्तों में लेगी। इस संबंध में उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ने निर्देश जारी कर दिए हैं।
अधीक्षण अभियंता मधुप श्रीवास्तव का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को किश्तों पर बिजली कनेक्शन मुहैया कराने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही बीपीएल परिवारों को मुफ्त में कनेक्शन दिए जा रहे हैं।
----------
इस तरह दिए जाएंगे कनेक्शन
बदायूं। ग्रामीण क्षेत्र में एक किलोवाट के कनेक्शन का शुल्क 1330 रुपये होता है। उपभोक्ता को कनेक्शन लेते समय सिर्फ 130 रुपये जमा करने होंगे। शेष 1200 रुपये 12 माह में 100-100 रुपये की किश्त में अदा कर सकेंगे। इसी तरह अगर कोई उपभोक्ता दो किलोवाट का कनेक्शन लेता है तो उसका शुल्क 1550 रुपये हैं। 250 रुपये कनेक्शन के समय जमा करने होंगे। शेष 1300 रुपये 13 माह में 100-100 रुपये की किश्त में जमा करने की सुविधा होगी। इसी तरह व्यवस्था शहरी इलाकों में होगी। शहरी क्षेत्र में एक किलोवाट का कनेक्शन 1805 रुपये में और दो किलोवाट का 2225 रुपये में मिलेगा। एक किलोवाट के कनेक्शन पर 205 रुपये कनेक्शन के समय और शेष 1600 रुपये 16 माह में अदा करने होंगे। दो किलोवाट के कनेक्शन पर 625 रुपये तुरंत जमा करने होंगे। बाकी की राशि 1600 रुपये 16 किश्तों में जमा किए जा सकेंगे।