एडीएम को ज्ञापन देता भाकियू का प्रतिनिधिमंडल। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। कर्नाटक में सोमवार को किसान नेता राकेश टिकैत के ऊपर स्याही फेंके जाने से भाकियू में रोष है। मंगलवार को भाकियू ने घटना के विरोध में मालवीय आवास पर प्रदर्शन किया और बाद में प्रधानमंत्री को संबोधित तीन सूत्री ज्ञापन एडीएम प्रशासन ऋतु पूनिया को सौंपा।
इससे पहले मालवीय आवास पर हुई पंचायत में भाकियू के मंडल प्रवक्ता राजेश सक्सेना ने कहा कि देश के सबसे बड़े किसान नेता के साथ धक्का-मुक्की और उन पर स्याही फेंकना देश के किसानों का अपमान है। सरकार किसानों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने राकेश टिकैत को जेड श्रेणी की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष ठाकुर अजयपाल सिंह ने कहा सरकार किसानों का अपमान करने का कोई मौका नहीं छोड़ रही। नगर अध्यक्ष हारुन गौस, तहसील सदर अध्यक्ष नूरुद्दीन, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष नसरीन चौधरी ने भी विचार रखे। इसके बाद भाकियू नेता नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री के नाम संबोधित तीन सूत्री ज्ञापन एडीएम प्रशासन ऋतु पुनिया को दिया। इस मौके पर सतीश चंद्र साहू, रामबाबू कश्यप, पप्पू सैफी, बृजपाल प्रजापित, आरिफ गाजी, रणवीर सिंह यादव, एकराम पटेल, सत्य प्रकाश साहू आदि मौजूद रहे।