सपा कार्यालय में मीटिंग करते समाजवादी कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। शनिवार को सपा कार्यालय पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई, जिसमें जिलाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में केवल लूट, हत्याएं और दुष्कर्म हो रहे हैं। महंगाई रिकॉर्ड तोड़ रही है। इसके अलावा कुछ नहीं है।
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि बदायूं समेत पूरे उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों और उनके नेताओं के झूठ से बहुत परेशान हो चुकी है। पिछले विधानसभा चुनाव से पहले अपने संकल्प पत्र में भाजपा नेताओं ने जो वायदे किए थे, पांच वर्षों में उन्होंने एक भी वादा पूरा नहीं किया है। इसके विपरीत प्रदेश में महंगाई, भ्रष्टाचार, लूट, हत्याएं, दुुष्कर्म की घटनाएं रिकॉर्ड तोड़ रहीं हैं। सत्ता के संरक्षण में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है। भाजपा सरकार सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का पुलिस से उत्पीड़न करा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अखिलेश यादव को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प ले चुका है। इस दौरान पूर्व विधायक आशुतोष मौर्य, फखरे अहमद शोबी, अवनीश यादव, बलवीर सिंह यादव, रजनीश गुप्ता, राजवीर सिंह यादव, शशांक यादव, मनोहर सिंह यादव, फहीमुद्दीन, फहीम खान, मोहम्मद फहीम, नईमुल हसन लड्डन मियां आदि सपा नेता मौजूद रहे। संवाद