अकबरपुर की जर्जर पुलिया। संवाद
- फोटो : BADAUN
उसावां (बदायूं)। क्षेत्र के गांव अकबरपुर के लोग एक पुलिया की जर्जर हालत से काफी परेशान हैं। बड़े वाहन इस पुलिया पर जाने के बजाय तीन किमी का फेर खाकर जाते हैं। छोटे वाहनों के चालक भी यहां से गुजरते वक्त घबराते हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि चुनाव बाद जनप्रतिनिधि उनकी समस्या का निदान करेंगे।
चौपाल पर बैठे ग्रामीणों ने बताया कि उसावां को अटेना गंगा पुल से जोड़ने के लिए ब्लॉक क्षेत्र के गांव अकबरपुर में सोत नदी पर लगभग 23 साल पहले इस पुलिया का निर्माण हुआ था। अब यह काफी जर्जर हालत में है। पुलिया के साइड में गड्ढे हैं जिसमें जरा सी बारिश होने पर पानी भर जाता है। इस पर 24 घंटे दो पहिया वाहन हर समय निकलते हैं। भारी वाहनों को दलेलगंज कटरा सआदतगंज घूमकर जाना पड़ता है। इसमें समय भी ज्यादा लगता है। वहीं दूसरी समस्या इलाके में छुट्टा पशुओं की है। कहा कि फसलें नष्ट हो रही हैं जिससे परिवार की रोजी रोटी प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि चुनाव के बाद जन प्रतिनिधि इस ओर जरूर ध्यान देंगे।
-
चुनाव के समय प्रत्याशी वोट मांगने तो आते हैं लेकिन क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या जर्जर पुलिया की है। इस ओर कोई ध्यान नहीं देता है।
- रामाशंकर
-
रात जब चमक के साथ बारिश हो रही थी, ऐसे में हम घर छोड़कर छुट्टा पशुओं से खेत की रखवाली कर रहे थे ताकि खेतों में खड़ी फसल को बचाया जा सके। हमारे क्षेत्र की सबसे बड़ी यही समस्या है।
- नरसिंह
-
हम चाहते हैं कि सरकार कोई ठोस कदम उठाए जिससे छुट्टा जानवरों से राहत मिल सके। फसल को बर्बाद होने से बचाया जा सके। हमारी रात दिन की मेहनत जरा सी चूक होने पर छुट्टा पशु बर्बाद कर देते हैं।
- राजवीर
-
पुलिया जब बनी थी तब गांव के साथ दर्जनों गांवों के लोगों को काफी राहत मिली थी। अब यह पुलिया जर्जर हो गई है। इससे लोग बारिश के मौसम में निकलने से घबराते हैं। - रामकिशन