कुंवरगांव। शराब सेल्समेन हत्याकांड के मुख्य आरोपी व 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया है। बृहस्पतिवार की रात करीब 10 बजे उसे मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था।
दिगुरैया देसी शराब के ठेके पर बिनावर थानाक्षेत्र के गांव रंझौरा निवासी सेल्समैन मुकेश (35) की हत्या और लूटपाट का मुख्य आरोपी रवि बिहारी फरार था। उसने यह वारदात 13 मई को रात 10 बजे की थी। उसके तीन साथियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी रवि बिहारी को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। फिर माल की बरामदगी के लिए उझानी क्षेत्र ले गई। जहां आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग में उसको गिरफ्तार कर लिया। इस मुठभेड़ में आरोपी रवि बिहारी के दोनों पैर में गोली लगी। वहीं कुवरगांव थाने का सिपाही कुलदीप भी घायल हो गया। घायल सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं आरोपी रवि को उपचार के बाद शुक्रवार को जेल भेजा गया।