उघैती। बदायूं-बिजनौर स्टेट हाईवे के रास्ते जा रहे वारंटी को पुलिस ने रास्ते में प्राइवेट बस से उतारकर गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान बस संचालन में देरी पर सवार वकीलों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सभी वकीलों को समझाकर बस आगे रवाना कर दी।
कस्बा निवासी रिंकी की शादी करीब छह साल पहले इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव अल्लेहपुर निवासी संजीव से हुई थी। पति-पत्नी में विवाद होने के बाद रिंकी की ओर से रिपोर्ट पंजीकृत कराई गई थी। प्रकरण में वारंट होने के बावजूद संजीव कोर्ट में पेश नहीं हुआ। सोमवार को मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि वारंटी संजीव प्राइवेट बस से बदायूं की ओर जा रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बस को कस्बे में रुकवा लिया। पहचान होने के बाद पुलिस ने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया तो वह पुलिस से उलझने लगा। इसके बाद पुलिस उसको थाने ले गई। इस प्रकरण में 15 मिनट तक बस रुक गई। इससे बस में बैठे वकील नाराज हो गए। गुस्साए वकीलों ने हंगामा शुरू किया तो पुलिस ने उन्हें समझाकर बस आगे रवाना करा दी। इधर, बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि वारंटी को निजी बस से पकड़ा गया है। इस दौरान बस ज्यादा देर नहीं रुकी थी।