स्टेडियम में अभ्यास करती महिला खिलाड़ी। संवाद
बदायूं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मशताब्दी के उपलक्ष्य में सितंबर के आखिरी सप्ताह में प्रदेश स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के महिला और पुरुष दोनों वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रयागराज में 25 से 27 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में मेडल जीतने के लिए खिलाड़ी स्टेडियम में तैयारी कर रहे हैं।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में जिम्नास्टिक खेल को बढ़ावा देना और राष्ट्रीय स्तर के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन करना है। प्रतियोगिता में आर्टिस्टिक, रिदमिक और ट्रैम्पोलिन जिम्नास्टिक की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता के लिए चयन प्रक्रिया जिला स्तर पर होने के बाद मंडल स्तर पर ट्रायल आयोजित कराए जाएंगे। इसके बाद मंडल स्तरीय टीम प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी। कोच महेंद्र मधुकर मुर्मू के निर्देशन में खिलाड़ी रोजाना तीन से चार घंटे अभ्यास कर रहे हैं। फ्लोर एक्सरसाइज, पैरेलल बार, वॉल्टिंग टेबल, बैलेंस बीम और अनइवन बार्स पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित रिछारिया ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए स्टेडियम में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। ट्रायल में चुने गए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।