उझानी। दो महीने पहले कार की टक्कर से घायल बाइक चालक की मौत के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसा 31 जुलाई को बरेली-मथुरा हाईवे पर करुआ पुल के पास हुआ था।
मृतक वीरपाल के भाई क्षेत्र के गांव टिमरूआ निवासी शिवकुमार बुधवार शाम थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि वीरपाल अपनी पत्नी रूपवती को दवा दिलाने के लिए बाइक से जा रहे थे। उसी दौरान पीछे से कार ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दंपती को राजकीय मेडिकल कॉलेज के बाद बरेली के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। वीरपाल की छह अगस्त को शाम पांच बजे मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी रूपवती का अभी भी बरेली में इलाज चल रहा है।
शिवकुमार ने कार का नंबर भी पुलिस को बता दिया। पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि कार के नंबर से उसके मालिक का पता लगाया जा रहा है। चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद