जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पुलिस के साथ छात्रा पूजा संवाद
बदायूं। उत्तर प्रदेश नागरिक आरक्षी एवं समकक्ष पदों की भर्ती-2025 की परीक्षा के दौरान बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। जिले के गिंदो देवी महिला महाविद्यालय में परीक्षा के तीसरे दिन पहली पाली में एक छात्रा के ऊपर छत का प्लास्टर गिर गया। प्लास्टर गिरने से छात्रा घायल हो गई। छात्रा को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां उससे प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया।
जिले में उत्तर प्रदेश की नागरिक आरक्षी एवं समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा में दस जिलों के अभ्यर्थियों परीक्षा देने आए। परीक्षा के तीसरे दिन बुधवार को शहर के गिंदो देवी महिला महाविद्यालय में पहली पाली के दौरान पीलीभीत के थाना गजरौला के गांव बिठौरा की रहने वाली पूजा महाविद्यालय के एक कक्ष में परीक्षा दे रही थीं। अचानक पूजा के ऊपर भराभरा छत का प्लास्टर गिर पड़ा। प्लास्टर गिरने और उसके बेहोश होकर गिरने के बाद कक्षा में अफरातफरी मच गई। कक्षा के सभी अभ्यर्थी अपनी-अपनी सीटों से खड़े हो गए। किसी को कुछ समझ ही नहीं आया कि एकदम से क्या हुआ। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस छात्रा को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। वहां उसको उपचार दिया गया। वहां उसकी हालत स्थिर होने के बाद उसको घर भेज दिया गया।
-
पुलिस में नौकरी का सपना रह गया अधूरा
पीलीभीत के गांव बिठौरा के रहने वाले सोहनलाल गांव में खेतीबाड़ी और मजदूरी कर अपनी बेटी पूजा को पढ़ा रहे है। बेटी पूजा भी मेहनत से पढ़ाई करके नौकरी में लग अपने परिवार की आर्थिक मदद करना चाहती है। प्रशासन की लचर व्यवस्था ने छात्रा के सपने पर पानी फेरने का काम किया। प्रशासन की ओर से गिंदो देवी महिला महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया। लेकिन महाविद्यालय के कक्षों की देखरेख नहीं की गई । यही कारण रहा कि जर्जर महाविद्यालय का प्लास्टर पूजा के ऊपर गिर पड़ा।