ज्यादा दूरी तय कर स्टैंड तक पहुंचते हैं कॉलोनी के लोग
बरसात के बाद सड़कों पर फैली कीचड़ से लोगों की बढ़ी परेशानी
तीन दिन से रुक-रुककर हो रही वर्षा के बाद शहर के मुख्य रास्तों पर कीचड़ फैल गई है, जिसके चलते पैदल और दोपहिया वाहनों से गुजरने वालों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं प्राइवेट बस स्टैंड पर हालत बहुत ही नाजुक हो गए हैं। तालाब रूपी गड्ढे के कारण विवेक बिहार कॉलोनी का रास्ता बंद हो गया है। कॉलोनी से आने और जाने वाले लोगों को दूसरे मोहल्लों से गुजरना पड़ रहा है।
वर्षा की वजह से शहर के प्राइवेट, रोडवेज, बाबूराम मार्केट रोड, टिकटगंज, पटियाली सराय, हायडिल कॉलोनी, वन विभाग रोड, सम्राट अशोक नगर, नेकपुर, ब्राह्मपुर आदि में सड़कों पर कीचड़ हो गई है। देखा गया है कि लोगों को पैदल गुजरते समय बेहद सावधानी बरतनी पड़ रही है।
बस स्टैंड पर आने वाले यात्रियों को बस में उतरने और बैठते समय भी दिक्कत उठानी पड़ रही है। प्राइवेट बस स्टैंड पर विवेक बिहार कॉलोनी को जाने वाले रास्ते पर बड़ा गड्ढा है जिसमें पानी भर गया है। लोगों ने बताया कि दिन हो या रात किसी भी समय कॉलोनी को नहीं आ जा सकते। उन्हें बस स्टैंड पर आने को दूसरे मोहल्लों से गुजरना पड़ रहा है। बोले-यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है लेकिन पालिका प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। हालांकि सड़कों पर फैली कीचड़ के बारे में पालिका प्रशासन का यहीं कहना है कि सूखने के बाद उसे हटवाया जाएगा।
--
...बस स्टाफ भी है दुखी
बदायूं। प्राइवेट बस ऑपरेटर्स यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि स्टैंड पर गंदगी और गड्ढे में जलभराव के कारण सभी बसों के स्टाफ के साथ ही यात्रियों को दिक्कत उठानी पड़ती है। बस से पालिका पार्किंग शुल्क वसूलती है किंतु सुविधाएं नहीं दी जा रहीं हैं।