बदायूं। पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयारी तेज हो गई है। इसको लेकर प्रभारी डीएम व एडीएम वित्त एवं राजस्व वैभव शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट में बैठक की गई।
बैठक में उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर निर्धारित एसओपी का पालन किया जाए। सभी केंद्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे नौ अक्तूबर को मॉक ड्रिल कर लें। परीक्षा 12 अक्तूबर को दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह 09:30 से 11:30 बजे व द्वितीय पाली दोपहर 02:30 से 04:30 बजे तक। जिले में कुल 18 परीक्षा केंद्रों पर 6912 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रत्येक केंद्र पर एक-एक केंद्र व्यवस्थापक व स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
-
सीसीटीवी की निगरानी में रहेंगे केंद्र
एडीएम प्रशासन अरुण कुमार ने बताया कि 18 केंद्रों में से पांच ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। सभी में सीसी कैमरे व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर पुरुष व महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग तलाशी चैंबर बनाए जाएंगे। प्रत्येक अभ्यर्थी की बायोमैट्रिक व आइरिश स्कैनिंग की जाएगी।
-
केंद्र के पास बंद रहेंगी फोटोकॉपी की दुकानें
प्रभारी डीएम ने परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, विद्युत व पार्किंग व्यवस्था, क्लॉक रूम, यातायात प्रबंध, अभ्यर्थियों के ठहरने की सुविधा, खाद्य सामग्री की जांच और उचित मूल्य पर बिक्री और केंद्र के आसपास की फोटोकॉपी दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए। यूपीपीएससी के पर्यवेक्षक सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि ओएमआर शीट में गुलाबी शीट आयोग भेजी जाएगी। हरी शीट कोषागार में जमा होगी और नीली शीट अभ्यर्थी अपने साथ रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र की लाइव स्ट्रीमिंग आयोग मुख्यालय के कंट्रोल रूम में देखी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अलर्ट मैसेज भेजे जाएंगे।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिलेंगे 20 मिनट अतिरिक्त
दिव्यांग अभ्यर्थियों को प्रत्येक घंटे पर 20 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा। अधिकतम 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले अभ्यर्थियों को 40 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा। आवश्यक होने पर उन्हें किसी भी शैक्षिक स्तर का स्क्राइब उपलब्ध कराया जाएगा। मास्टर ट्रेनर व प्रधानाचार्य श्री कृष्णा इंटर कॉलेज संदीप भारती ने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के समय से कम से कम 45 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा कक्ष में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स या किसी प्रकार की डिवाइस ले जाना प्रतिबंधित होगा। सभी कार्य ब्लैक पॉइंट पेन से किए जाएंगे।
-
कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा की शुचिता बरकरार रखने की दी सलाह
बदायूं। उप्र लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा (यूपीपीएससी) के मद्देनजर सोमवार को कॉलेजों में कक्ष निरीक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। उनको परीक्षा की शुचिता बनाए रखने की सलाह दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुपस्थित रहे निरीक्षकों को मंगलवार को प्रशिक्षण दिया जाएगा।शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में उप्र लोक सेवा आयोग की परीक्षा कराने के लिए कक्ष निरीक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें 634 आंतरिक कक्ष निरीक्षक शामिल हुए, जबकि 33 निरीक्षक अनुपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक लालजी यादव ने कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा के दौरान ईमानदारी, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। आयोग के वरिष्ठ पर्यवेक्षक संतोष कुमार ने परीक्षा प्रक्रिया से संबंधित तकनीकी बिंदुओं की जानकारी दी।