एआरएम ने कहा-फिलहाल इंतजार करो
होली पर घरों पर आए लोग अब वापस जा रहे हैं। बदायूं रोडवेज डिपो में शुक्रवार को दिल्ली रूट की अधिकतर बसें वर्कशॉप में ही खड़ी रही। ऐसे में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ यात्रियों ने एआरएम से इस संबध में बात की तो उन्हें इंतजार करने का आश्वासन दिया गया। तपती दोपहर में काफी इंतजार करने के बाद भी जब बस नहीं मिली तो यात्रियों का सब्र जवाब दे गया और उन्होंने वर्कशॉप के गेट पर हंगामा शुरू कर दिया।
वर्कशॉप के गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मचारी ने हंगामा कर रहे यात्रियों को समझाने की कोशिश की लेकिन यात्री मानने को तैयार नहीं थे। रोडवेज कर्मचारियों ने यात्रियों को वर्कशॉप से बस निकालने के लिए गेट से हटने के लिए कहा, लेकिन कई यात्री नहीं माने। कुछ समय बाद वे काफी समझाने के बाद हटे तो एक बस वर्कशॉप से निकल सकी। इस पर यात्रियों में सीट घेरने की होड़ मच गई। कुछ यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर सीट घेरी तो कुछ लोगों ने अपने बच्चों की जान जोखिम में डाल दी और खिड़की से बच्चे को बस के अंदर घुसा दिया। ऐसी स्थिति देखकर स्टैंड पर मौजूद अन्य जगहों पर जाने वाले यात्रियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन अपनी मंजिल पर पहुंचने की जल्दबाजी के आगे उन्होंने कुछ भी सुनने को तैयार नहीं था।