होती रही आतिशबाजी, लगते रहे भारत जिंदाबाद के नारे
भारत द्वारा टी-20 वर्ल्ड कप क्रिकेट में शनिवार की रात को चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान पर छह विकेट से जीत हासिल करने की खुशी में देर रात तक क्रिकेट प्रेमी सड़कों पर आकर आतिशबाजी छोड़ते रहे। हर गली-मुहल्ले से भारत जिंदाबाद के नारे सुनाई दे रहे थे।
इस मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमी काफी उत्साहित थे। जैसे ही शाम के साढ़े सात बजे क्रिकेट प्रेमी टीवी के सामने बैठ गए,लेकिन बरसात की खबर ने क्रिकेट प्रेमियों को कुछ समय के लिए निराशा के सागर में डुबा दिया था,लेकिन जब पता चला कि मैच 8.30 बजे से शुरु होगा तब फिर से क्रिकेट प्रेमियों के मुंह से एक ही आवाज निकल रही थी पाकिस्तान को फिर से मुंह खानी होगी। पाक के छोटे स्कोर को देख क्रिकेट प्रेमियों को यह साफ लगने लगा था कि भारत इस मैच में अवश्य जीतेगा। वहीं हुआ और विस्फोटक बल्लेबाज विराट कोहली और युवराज सिंह के चौके-छक्कों पर क्रिकेट प्रेमी झूमने लगे। कप्तान एमएस धोनी द्वारा छक्का लगाने पर हर तरह आतिशबाजी सुनाई देने लगी।
सिविल लाइन में आलोक शर्मा,रामकुमार शर्मा, यश ने पटाखे छोड़े। क्रिकेट प्रेमी एमपी सिंह, जेएस चुंग, संतोष शर्मा आदि ने भी खुशी जाहिर की। भारतीय संगोष्ठक के संयोजक अमन मयंक शर्मा ने भी अपने साथियों संग आतिशबाजी छोड़कर और मिष्ठान का वितरण कर जश्न मनाया। इस मौके पर दिनेश चंद्र शर्मा, गौरव पाठक, गीता शर्मा, श्यामसुंदर शर्मा, तोताराम शर्मा, रामदेवी,वीरेंद्र पाठक, रोहितराज, अलीशा राज आदि थे। क्रिकेट प्रेमी दिनेश चंद्र माथुर, अरविंद कुमार,शकील अहमद ने भी खुशी जाहिर की।