बिनावर क्षेत्र के मलगांव क्रासिंग, जहां टेंपो बूम से टकराया। संवाद
बिनावर। थाना क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर मलगांव रेलवे क्रॉसिंग पर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बंद बूम से टेंपो टकरा गया। टेंपो बरेली से बदायूं की ओर जा रहा था। गनीमत थी कि टेंपो में सवारियां नहीं थीं। टक्कर में रेलवे क्रॉसिंग का बूम और टेंपो दोनों क्षतिग्रस्त हो गए। इसकी वजह से करीब आधा घंटा हाईवे पर जाम के हालात बने रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक बेहद लापरवाही से टेंपो चला रहा था। रेलवे क्रॉसिंग आते ही चालक टेंपो पर नियंत्रण खो बैठा और बूम से टकरा गया। घटना की सूचना रेलवे गेटमैन ने तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और टेंपो को कब्जे में ले लिया। तब तक ऑटो चालक मौके से भाग चुका था।
रेलवे के कर्मचारियों ने अस्थायी रूप से बूम लगाने के लिए करीब आधा घंटा तक आवागमन रोक दिया। इस दौरान बरेली-मथुरा हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम लगने से यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में यातायात सामान्य हो सका। टेंपो को सीज कर दिया है। चालक के खिलाफ रेलवे अधिनियम की सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।