नूरपुर पिनौनी। शराब पीने के लिए रुपये न देने पर जेठ ने अपने छोटे भाई की पत्नी पर फायर कर दिया। वह बाल-बाल बच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को मय तमंचा गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
नूरपुर पिनौनी के विजयपुर मार्ग पर अवनेश पुत्र ऋषिपाल रहता है। उनका छोटा भाई पिंटू यादव गुड़गांव में रहकर नौकरी करता है। पिंटू की पत्नी सीमा घर पर अकेली रहती है।
सीमा ने पुलिस को बताया कि सोमवार देर रात करीब 11 बजे जेठ अवनेश ने उससे शराब पीने के लिए रुपये मांगे। मना करने पर जेठ ने धमकी दी कि अभी आकर बताता हूं। इसके बाद वह घर से बाहर चला गया। करीब 15 मिनट बाद लौटा तो उसने गेट खोलने को कहा, जो उसने नहीं खोला।
आरोप है कि गेट की दराज से ही जेठ अवनेश ने 32 बोर के तमंचे से उस पर फायर कर दिया। गनीमत रही उसका निशाना चूक गया। सीमा ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भाग रहे अवनेश को मय तमंचा गिरफ्तार कर लिया। सीमा की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है। इधर, सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।