बदायूं। राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को राहत दी गई है। आईटीआई ने ऑनलाइन आवेदन में संस्थान और ट्रेड के विकल्प संशोधित करने का अवसर दिया है। अभ्यर्थी नौ अगस्त से 12 अगस्त तक अपने पसंदीदा संस्थान और ट्रेड के विकल्प बदल सकेंगे।
आईटीआई के प्रधानाचार्य एसके वार्ष्णेय के अनुसार, प्रदेश के किसी आईटीआई संस्थानों की सीट मैट्रिक्स में बदलाव किया गया है। अब एनसीवीटी की कुछ सीटों को एससीवीटी पाठ्यक्रम में परिवर्तित किया गया है, जबकि कुछ सीटों की संख्या भी बढ़ाई गई है। ऐसे में अब उन अभ्यार्थियों को जिन्होंने पहले से आईटीआई में आवेदन किया था वह अब अपनी आईटीआई और कोर्स को भी बदल सकते हैं इसमें नए कोर्स या पुराने कोर्स जो चाहे उनका चुनाव भी कर सकते हैं। इसके तहत आईटीआई ने अब संशोधन का मौका दिया है।
अभ्यर्थी एससीवीटी के ऑनलाइन पोर्टल पर लॉगिन कर अपडेटेड सीट मैट्रिक्स देख सकते हैं। इसके बाद वे अपनी शैक्षिक योग्यता और प्राथमिकता के अनुसार नए संस्थान एवं ट्रेड जोड़ सकते हैं या पहले से भरे गए विकल्पों में बदलाव कर सकते हैं। आईटीआई प्रधानाचार्य का कहना है इस संबंध में सभी पंजीकृत अभ्यर्थियों के मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी सूचना भेजी जा रही है।