बदायूं। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की ओर से पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर 20 अगस्त को ओपीएस तिरंगा झंडा मोटर साइकिल रैली निकाली जाएगी।
संघ के जिलाध्यक्ष लालबहादुर सिंह ने बताया कि प्रांतीय आह्वान पर यह रैली सुबह 9:30 बजे रानी लक्ष्मीबाई चौराहा से शुरू होकर जिलाधिकारी कार्यालय तक जाएगी। रैली में पंचायती राज विभाग के लगभग 1600 सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले शामिल होंगे।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि रैली के माध्यम से नवीन पेंशन सिस्टम और यूनिफाइड पेंशन स्कीम का विरोध करते हुए पुरानी पेंशन बहाली (ओपीएस) की मांग की जाएगी। रैली के समापन पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। उन्होंने जनपद के सभी सफाई कर्मचारियों के साथ-साथ अन्य संवर्गों के कार्मिकों और शिक्षकों से भी अपील की कि वे अपने हक-अधिकार के लिए तय स्थान और समय पर पहुंचकर रैली को सफल बनाएं। बैठक में जिला कोषाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार शर्मा, जिला संगठन मंत्री मथुरा सिंह, जिला उपाध्यक्ष रामकुमार, धर्मवीर वाल्मीकि, लल्लू सिंह, प्रमोद कुमार प्रजापति आदि मौजूद रहे।