कैलिहाई गांव में चौपाल में वार्ता करते काग्रेस जिलाध्यक्ष। स्त्रोत कांग्रेस
बदायूं। गंगा एक्सप्रेस-वे के डहरपुर इंटरचेंज पर औद्योगिक गलियारे के लिए भूमि अधिग्रहण के विरोध में शनिवार को कैलिहाई गांव में किसानों ने ग्राम चौपाल लगाई। किसानों ने एलान किया कि जान दे देंगे, लेकिन जमीन नहीं देंगे। बता दें कि औद्योगिक गलियारा के लिए यूपीडा ने 3800 बीघा से अधिक जमीन चिह्नित की है। जिलाधिकारी की ओर से सर्वे रिपोर्ट प्रकाशित कराने के बाद से पांच गांवों के किसानों में आक्रोश है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि चार फसली जमीन के अधिग्रहण से किसान बर्बाद हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिले में हजारों बीघा बंजर जमीन खाली है, उद्योग वहां लगें। उन्होंने आरोप लगाया कि 2013 के कानून के तहत सामाजिक प्रभाव का आकलन किए बिना सर्वे हुआ है। इसके लिए 80 फीसदी सहमति जरूरी है, लेकिन योगी सरकार जबरिया जमीन हड़पकर पूंजीपतियों को देना चाहती है। भूमि बचाओ संघर्ष समिति ने आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है। रविवार 5 जुलाई को डोलापुर में ग्राम चौपाल होगी। बता दें कि औद्योगिक गलियारा के लिए यूपीडा ने 3800 बीघा से अधिक जमीन चिह्नित की है। संवाद