दातागंज। बरेली रोड पर शनिवार दोपहर धरैली गांव के पास ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे एक यात्री की मौत हो गई। वहीं, तीन यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को दातागंज सीएचसी पर भर्ती कराया है। ग्रामीण की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
गांव लालपुर निवासी महेंद्र पाल (50) पुत्र लाखन शनिवार दोपहर को ऑटो से दातागंज किसी काम से आ रहे थे। ऑटो में दातागंज के अलग-अलग गांव के लोग बैठे थे। बरेली रोड पर गांव धरैली के पास तेज रफ्तार होने के कारण ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। उसके नीचे दबने से महेंद्र पाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ममता देवी (35) पत्नी फूलसिंह निवासी खुरडी, जयदेवी (45) पत्नी रामपाल निवासी गांव ब्रह्मपुर समेत तीन लोग घायल हो गई। हादसा होने के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को दातागंज सीएचसी भेजा। डॉक्टर ने महेंद्र पाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी देने के बाद शव पोस्टमॉर्टम को भिजवाया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ऑटो को कब्जे में ले लिया है। दातागंज कोतवाल गौरव विश्नोई ने बताया कि ऑटो पलटने से एक ग्रामीण की मौत हुई है। तीन घायल हुए है। चालक की तलाश की जा रहीं है।