बदायूं। विकास खंड म्याऊं में तैनात एडीओ पंचायत जैनेंद्र सिंह को प्रधानों की शिकायत पर जिला मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह उसावां के एडीओ पंचायत दिनेश कुमार सिंह को म्याऊं का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
कुछ दिन पहले म्याऊं ब्लॉक के प्रधानों ने सीडीओ गामिनी सिंगला से मिलकर जैनेंद्र सिंह को हटाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था। प्रधानों का आरोप था कि एडीओ पंचायत विकास कार्य नहीं करने दे रहे हैं और फाइलों को बेवजह लटकाया जा रहा है। प्रधानों के गुट ने शिकायत में कहा था कि वह बार-बार परेशान किए जा रहे हैं और विकास कार्यों में अड़चन डाली जा रही है।
सीडीओ ने मामले का संज्ञान लेते हुए डीपीआरओ यावर अब्बास को कार्रवाई के निर्देश दिए। डीपीआरओ ने मंगलवार को आदेश जारी कर जैनेंद्र को जिला मुख्यालय से अटैच कर दिया। साथ ही जनहित में विकास कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए उसावां में तैनात एडीओ पंचायत दिनेश कुमार सिंह को म्याऊं ब्लॉक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। डीपीआरओ ने बताया कि बार-बार शिकायत मिलने के कारण एडीओ पंचायत को मुख्यालय से अटैच किया गया है।