गांव-गांव और गली-गली स्वच्छ भारत मिशन के प्रचार का आह्वान
प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत देश को स्वच्छ बनाने के लिए हर सप्ताह दो घंटे यानि वर्ष में सौ घंटे श्रमदान करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी अच्छे लाल सिंह यादव ने अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी का कर्तव्य है कि वह गांव-गांव एवं गली-गली स्वच्छ भारत मिशन का प्रचार करें।
शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में सीडीओ ने अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ स्वच्छता की शपथ ली। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने जिस भारत का सपना देखा था उसमें केवल राजनीतिक आजादी ही नहीं बल्कि स्वच्छ एवं विकसित देश की कल्पना भी की गई थी। उन्होंने गुलामी की जंजीरों को तोड़कर भारत को आजाद कराया तो अब प्रत्येक देशवासी का भी कर्तव्य है कि वह देश की स्वच्छता में अपना योगदान अवश्य दे। उन्होंने कहा कि सभी देशवासियों की ओर से स्वच्छता की ओर बढ़ाया गया एक-एक कदम भारत को स्वच्छ बनाने में मददगार साबित होगा। शपथ कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी वित्त हवलदार यादव, नगर मजिस्ट्रेट श्रीराम यादव, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अशोक कुमार यादव, वरिष्ठ कोषाधिकारी प्रवीण कुमार त्रिपाठी, जिला पंचायत के अभियंता संजय शर्मा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वच्छता के लिए जुटेंगे सारे अफसर
बदायूं। जिलाधिकारी पवन कुमार ने जिले के समस्त अधिकारियों के साथ स्वच्छता की शपथ लेते हुए आह्वान किया कि अधिकारी, कर्मचारी अपने घर, मोहल्ले, गांव एवं कार्य स्थल की स्वच्छता के साथ ही अपने मन को भी साफ रखकर जनता की सेवा करें।
शनिवार को विकास भवन स्थित सभाकक्ष में विकास कार्यालय, राजस्व वसूली तथा खाद्यान्न वितरण से संबंधित तीन बैठकों में अधिकारियों के साथ स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता की शपथ लेते हुए अपेक्षा की कि प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी स्वच्छ भारत मिशन का गांव-गांव एवं गली-गली प्रचार करेगा और स्वच्छता के प्रति सजग रहकर प्रति दिन दो घंटे श्रमदान कर स्वच्छता के संकल्प को चरितार्थ करेगा। डीएम ने कहा कि जो देश स्वच्छ दिखते हैं, उसका मुख्य कारण, वहां के नागरिक गंदगी नहीं करते और न ही करने देते हैं। भारत देश को भी स्वच्छ बनाने के लिए न हम गंदगी करेंगे और न ही करने देंगे। इस अवसर पर सीडीओ सहित सभी एसडीएम, खंड विकास अधिकारी तथा जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।