मेंथा फैक्टरी में मलबा हटाते समय मजदूरों के साथ मौजूद मुनेंद्र के परिजन। संवाद
उझानी। मेंथा फैक्टरी में अग्निकांड के दौरान मलबा गिरने से दबे कर्मचारी मुनेंद्र यादव के परिजनों और रिश्तेदारों से पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने सोमवार देर शाम बात की। मुनेंद्र की पत्नी रेखा ने भी अपना पक्ष रखा। अफसरों ने उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
कोतवाली परिसर में एसडीएम सदर मोहित कुमार और सीओ देवेंद्र कुमार ने मुनेंद्र के परिजनों से बातचीत की। इस दौरान कर्मचारी की पत्नी ने कहा कि मलबा हटाने में तेजी लायी जाय। वह और उनकी दोनों मासूम बेटियों के भविष्य पर संकट है। सब्र तो उसी दिन आएगा, जब उन्हें शव या फिर उसके अवशेष देखने को मिलेंगे। भाई गजेंद्र ने बताया कि अफसरों ने उन्हें हर संभव मदद करने का भरोसा दिया है। बातचीत के दौरान फैक्टरी मालिक मनोज गोयल भी मौजूद थे। उधर, फैक्टरी परिसर में मलबा हटाने का काम 14वें दिन भी जारी रहा। हटा रहे मजदूरों ने बताया कि बॉयलर के पास से काफी हद तक मलबा बुधवार शाम तक साफ हो जाएगा।