शाहजहांपुर। आर्डिनेंस क्लोदिंग फैक्टरी (ओसीएफ) में कार्यरत नवीन चंद्र भानु (52) की बृहस्पतिवार रात लकड़ी वाले पुल के पास ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है। हादसे से उनके परिवार में कोहराम मच गया।
नवीन चंद्र भानु फैक्टरी में टेलर थे। वह ओसीएफ रामलीला कमेटी के सदस्य भी थे। बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे वह बाइक से रामलीला प्रदर्शनी को जाने के लिए निकले थे। देर रात वह रेलवे स्टेशन के आउटर पर लकड़ी वाले पुल के पास ट्रेन की चपेट में आ गए।
कंट्रोल रूम की सूचना पर पहुंची जीआरपी ने सांस चलती देख नवीन चंद्र को राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए भेजा। वहां डॉक्टर ने चेकअप कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जीआरपी ने उनके पास मिले मोबाइल से मृतक की बेटी निशी को सूचना दी।
मृतक की पत्नी मीनाक्षी, बेटे मेहुल, बेटी निशी शव को देख बिलख पड़े। शुक्रवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। परिजनों व दोस्तों ने बताया कि परिवार में कोई परेशानी नहीं थी। नवीन की बाइक काफी दूर कैंट चौकी क्षेत्र में एक बैंक के पास मिली है। जिससे संदेह हो रहा है कि वह आखिर रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंच गए?
जीआरपी के कार्यवाहक थाना प्रभारी रजनीश शुक्ला ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है।