बदायूं। सैंजनी के एचपीसीएल प्लांट में हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी अजय प्रताप के भाई तहेरे भाई अभय प्रताप उर्फ कल्लू पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत कार्रवाई की गई है। मंगलवार को ही न्यायालय से अभय प्रताप की जमानत याचिका खारिज हुई थी। इस कांड में मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह के विरुद्ध पहले ही रासुका लगाई जा चुकी है।
12 मार्च, 2026 को मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैंजनी गांव स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के बायोगैस प्लांट में घुसकर दो वरिष्ठ अधिकारी सुधीर गुप्ता और हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी अजय प्रताप के तहेरे भाई अभय प्रताप उर्फ कल्लू की भी हत्याकांड में संलिप्तता पाई गई थी। उसे भी आरोपी बनाया गया था।
पुलिस ने इस हत्याकांड को आपराधिक षड्यंत्र मानते हुए अभय प्रताप के साथ मुनेंद्र विक्रम, धर्मेंद्र और मुख्य आरोपी अजय प्रताप के सगे भाई केशव उर्फ मिचकू को सहआरोपी बनाया था। इधर, जिला प्रशासन ने अभय प्रताप की आपराधिक गतिविधियों को समाज के लिए खतरा माना। डीएम की मंजूरी के बाद मूसाझाग पुलिस ने आरोपी अभय प्रताप के विरुद्ध रासुका की कार्रवाई की।
रासुका लगाने के कारण
सूत्रों के अनुसार, उसकी गतिविधियां सामान्य कानून से नियंत्रित नहीं हो पा रही थीं। उसकी गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए यह कदम उठाया गया।
मुख्य आरोपी पर पहले लग चुकी है रासुका
मुख्य आरोपी अजय प्रताप पर प्रशासन की ओर से पहले ही रासुका की कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस और प्रशासन की ओर से उसकी गतिविधियों को समाज के लिए खतरा बताते हुए रासुका लगाई गई थी।
हिंदू युवा वाहिनी का जिलाध्यक्ष रह चुका है आरोपी
आरोपी अभय प्रताप उर्फ कल्लू का राजनीतिक रसूख भी रहा है। आरोपी अभय प्रताप हिंदू युवा वाहिनी का जिलाध्यक्ष रह चुका है। एचपीसीएल हत्याकांड के समय भी वह हिंदू युवा वाहिनी का जिलाध्यक्ष था। पूर्व में जिलाध्यक्ष मनोनीत होने पर उसके स्वागत में बदायूं शहर में गाड़ियों का लंबा काफिला निकला था।
मंगलवार को जिला न्यायालय ने खारिज की थी अभय की जमानत याचिका
दोहरे हत्याकांड के सहआरोपी अभय प्रताप उर्फ कल्लू अपनी जमानत के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा था। इसके लिए उसकी ओर से जिला न्यायालय में जमानत की याचिका डाली थी। न्यायालय ने मंगलवार को जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान उसको खारिज कर दिया था।
वर्ष 2023 में जनपद में हुई थी रासुका की कार्रवाई
अलापुर थाने के ककराला में बवाल के बाद पुलिस ने आरोपी वसीम पुत्र सर्वे अली, यूनुस शाह व उसके बेटे रहीस और यूसुफ पर रासुका की कार्रवाई की गई थी। इसमें सभी आरोपियों को जेल में तामील करा दी गई थी। इसके बाद अब एचपीसीएल हत्याकांड के मुख्य आरोपी अजय प्रताप और उसके तहेरे भाई अभय प्रताप उर्फ कल्लू पर रासुका की कार्रवाई की गई है।
एचपीसीएल दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी के तहेरे भाई अभय प्रताप के खिलाफ पुलिस ने रासुका के तहत कार्रवाई की है। इस केस में जो भी दोषी है। उन सबके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। - डॉ. ह्देश कठेरिया, एसपी ग्रामीण
एचपीसीएल दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी के तहेरे भाई अभय प्रताप सिंह के विरुद्ध रासुका की कार्रवाई कराई गई है। मुख्य आरोपी पर पहले की रासुका लगाई जा चुकी है। केस में नामजद आरोपियों की भी आपराधिक गतिविधियां देखी जा रही हैं। - अवनीश राय, डीएम