नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में होने हैं चुनाव, सरगर्मियां तेज, प्रभारी अधिकारी नामित
प्रदेश में विधानसभा चुनाव निपटते ही अब नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसके तहत नगर पालिका, नगर पंचायतों के चुनाव कराए जाने हैं। निकाय चुनाव को सकुशल कराने और निर्वाचन के कार्यों के लिए डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निकाय) पवन कुमार ने शनिवार को 23 प्रभारी तथा 32 सहायक प्रभारी अधिकारी नामित कर दिए।
डीएम ने चुनाव में कार्मिक एवं प्रशिक्षण के लिए सीडीओ अच्छे लाल सिंह यादव को प्रभारी तथा बीएसए प्रेमचन्द यादव, डीपीआरओ, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश शर्मा को प्रभारी अधिकारी नामित किया है। शिकायत के लिए सहायक महानिरीक्षक निबंधन को प्रभारी एवं उप निबंधक को सहायक प्रभारी बनाया गया है। परिवहन सेल एवं यातायात के लिए नगर मजिस्ट्रेट को प्रभारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी को सहायक प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। निर्वाचन किट एवं मतपेटिकाओं की जिम्मेदारी उप निदेशक कृषि प्रसार, जिला कृषि अधिकारी को दी गई है। निर्वाचन संबंधी सूचनाओं के कंप्यूटरीकरण के लिए जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को प्रभार सौंपा गया है। मतदाता सूचियों के लिए संबंधित उप जिलाधिकारियों को प्रभारी तथा तहसीलदारों तथा संबंधित अधिशासी अधिकारियों को सहायक प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। मतपत्र एवं पोस्टल वैलेट की व्यवस्था के लिए बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी को प्रभारी, चकबंदी अधिकारी सदर, सहायक चकबंदी अधिकारी को सहायक प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। स्टेशनरी के लिए महाप्रबंधक उद्योग केन्द्र को जिम्मेदारी दी गई है। प्रेक्षक की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए जिला आबकारी अधिकारी, जिला मनोरंजनकर अधिकारी और जिला पंचायत के अभियंता को दायित्व सौंपा गया है। टैंट, बैरीकेडिंग, लाइट के लिए अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड, वीडियोग्राफी जिला राजस्व अधिकारी, नियंत्रण कक्ष अपर जिला अल्प बचत अधिकारी, मीडिया जिला सूचना अधिकारी, चिकित्सा सीएमओ, मतगणना कार्मिकों को नाश्ता सम्बंधित तहसीलदार, पेयजल व्यवस्था सहायक अभियंता जल निगम, मतगणना केन्द्र, स्ट्रांग रूम तथा मतगणना प्रभार के लिए संबंधित उप जिलाधिकारियों, निर्वाचन व्यय लेखा वरिष्ठ कोषाधिकारी, विधि संयुक्त निदेशक, अभियोजन अधिकारी, रूट चार्ट नगर मजिस्ट्रेट, निर्वाचन कार्य योजना एवं बुकलेट तैयार करने के लिए उपायुक्त उद्योग तथा मतदान एवं मतगणना कार्मिकों के लिए यात्रा भत्ता एवं हल्का नाश्ता वितरण की व्यवस्था वरिष्ठ कोषाधिकारी को सौंपी गई है। डीएम ने चुनाव के लिए लगाए गए सभी अधिकारियों को निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ चुनाव कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि निर्वाचन की अधिसूचना जारी होते ही सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को अंजाम दें। चुनाव कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता एवं लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।