मिलों पर किसानों का 40 करोड़ से ज्यादा बकाया
23 अप्रैल तक करना था सौ फीसदी भुगतान
गन्ना सहकारी संघ ने किसानों का बकाया अदा न करने वाली चार चीनी मिलों को नोटिस जारी किए हैं। इन मिलों पर किसानों का 40 करोड़ रुपये से ज्यादा बाकी है। सबसे ज्यादा 20.90 करोड़ बिसौली की यदु शुगर मिल पर और 16.38 करोड़ रुपया सहकारी क्षेत्र की शेखूपुर चीनी मिल पर है। करीमगंज चीनी मिल पर भी तीन करोड़ रुपये से ज्यादा बाकी है। मिलों से किसानों को मय ब्याज भुगतान करने को कहा गया है। इसके साथ ही चेतावनी दी गई है कि जल्द भुगतान न होने की दशा में आरसी की कार्रवाई की जाएगी।
बदायूं के किसान गन्ना किसान गन्ना सहकारी संघ के जरिए शेखूपुर, बिसौली की यदु शुगर मिल समेत पड़ोसी जिलों की रजपुरा, न्योली, करीमगंज, फरीदपुर और रूपापुर चीनी मिलों को गन्ना देते हैं। मिलों में पेराई 31 मार्च तक बंद हो गई थी। मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि चीनी मिलों से किसानों का 23 अप्रैल तक भुगतान कराया जाएगा। शेखूपुर, बिसौली, न्योली और करीमगंज चीनी मिलों ने किसानों का अब तक शत-प्रतिशत भुगतान नहीं किया है। शेखूपुर मिल पर किसानों का 16.38 करोड़ और बिसौली की यदु शुगर मिल पर अब भी 20.90 करोड़ रुपये बाकी हैं। करीमगंज मिल पर भी 3.21 करोड़ रुपये बाकी हैं। किसानों का सबसे कम 12 लाख रुपये न्योली चीनी मिल पर बाकी है।
-----
शत-प्रतिशत भुगतान न करने वाली चार चीनी मिलों को नोटिस जारी किए गए हैं। मय ब्याज के भुगतान करने को कहा गया है। यह भी चेतावनी दी गई है कि भुगतान जल्द न होने की दशा में विधिक प्रक्रिया अपनाते हुए आरसी की कार्रवाई की जाएगी।
-राम किशन, सहकारी गन्ना विकास समिति