एसडीएम ने दिए जांच के आदेश, गेहूं अवैध होने का शक
वाणिज्यकर और मंडी समिति ने शुरू की मामले में जांच
दो ट्रकों में भरा 800 बोरा गेहूं ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने पकड़ लिया। इस बारे में तहसील प्रशासन को सूचना दी गई। एसडीएम दातागंज रणविजय सिंह ने गेहूं को मंडी सचिव अरुण कुमार सिंह की सुपुर्दगी में दे दिया है। वाणिज्यकर विभाग को भी इस बारे में बता दिया गया है। शक है कि गेहूं अवैध रूप से खरीद कर ले जाया जा रहा था। मामले में जांच की जा रही है।
मंगलवार दोपहर किसी ने डायल 100 को सूचना दी कि दो ट्रकों में भरकर भारी तादाद में अवैध रूप से गेहूं बिक्री के लिए ले जाया जा रहा है। डायल 100 ने मौके पर पहुंच कर दातागंज के गांव डहरपुर के पास गेहूं के दोनों ट्रक पकड़ लिए। ट्रकों में सवार लोगों से कागजात दिखाने को कहा तो वह कागजात नहीं दिखा सके। इसके बाद इस बारे में एसडीएम दातागंज को सूचना दी गई। खबर मिलने पर सहायक कमिश्नर वाणिज्यकर अनुज अग्रवाल भी पहुंच गए। बाद में गेंहू को एसडीएम रणविजय सिंह ने मंडी सचिव की सुपुर्दगी में दे दिया है। उनको जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि अगर गेहूं के कागजात मिलने के बाद उसे छोड़ा भी जाता है तब भी इस बारे में उनको बताया जाए।
--------
धरेली में बुग्गी में भरा कोटे का खाद्यान्न पकड़ा
दातागंज। ग्रामीणों की सूचना पर ब्लैक को ले जाया ले जाया जा रहा तांगा-बुग्गी में भरा राशन कोटे का खाद्यान्न पुलिस ने पकड़ लिया। तांगा-बुग्गी को समरेर चौकी में खड़ा करा लिया गया है। मामले में जांच की जा रही है।
गांव के खंदारी, महेंद्र, नेतराम, कमल सिंह, रविंद्र पाल, राकेश, विनय कुमार, देशपाल, रामभजन आदि का आरोप है कि कोटेदार लंबे समय से खाद्यान्न ब्लैक कर रहा है। कई बार शिकायत भी की गई। इसके बाद भी कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। इस बार अगर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।