बदायूं। जिले में छह विधानसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू होगी। कलक्ट्रेट परिसर में प्रशासन ने बेरिकेडिंग करके पूरी तैयारी कर ली है। राजनीतिक दलों के प्रत्याशी भी कागजात तैयार करा रहे हैं।
बृहस्पतिवार को डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी दीपा रंजन ने एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, एडीएम संतोष कुमार वैश्य, सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं जायजा लिया। डीएम ने निर्देश दिए कि नामांकन कक्षों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहे। चुनाव की सभी प्रक्रियाओं में कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन विशेष तौर पर कराया जाए।
नामांकन के लिए आने वाले उम्मीदवारों और उनके साथ आने वाले लोगों को मास्क लगा होने के बाद ही प्रवेश दिया जाए। सभी अधिकारी कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से करें। कहीं भी कोई लापरवाही न होने पाए। इधर पार्टी के उम्मीदवारों ने भी नामांकन करने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
-
उम्मीदवार के साथ एक प्रस्तावक ही जा सका नामांकन कक्ष में
- 21 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। ऐसे में नामांकन कराने के दौरान जब किसी पार्टी का प्रत्याशी कलक्ट्रेट पहुंचेगा, तो उसके साथ में एक व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी। हालांकि निर्दलीय उम्मीदवार के साथ में 10 प्रस्ताव आएंगे, लेकिन कक्ष में केवल दो ही अंदर जाएंगे। अगर जरूरत पड़ती है तो अन्य को बाद में बुलाया जाएगा।
------------
ये हैं तिथियां
-चुनाव के लिए नामांकन-21 जनवरी से
-नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि-28
-नामांकन पत्रों की जांच-29 जनवरी
-नाम वापसी-31 जनवरी
-मतदान- 14 फरवरी
-मतगणना 10 मार्च
-
यहां पर कराएंगे नामांकन
-बिसौली विधानसभा के लिए- एडीएम प्रशासन (न्यायालय)
-सहसवान विधानसभा के लिए-एडीएम एफआर( न्यायालय)
-बिल्सी विधानसभा के लिए- जिला पूर्ति अधिकारी (कार्यालय)
-बदायूं विधानसभा के लिए- बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी(न्यायालय)
-शेखूपुर विधानसभा के लिए-जिला मजिस्ट्रेट/कलेक्टर (न्यायालय)
-दातागंज विधानसभा के लिए-गंगा एक्सप्रेस-वे कार्यालय (डीएम कार्यालय के पास में)
-
जिले में मतदाताओं की संख्या
जिले में विधानसभा चुनाव के दौरान 2385897 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इसमें 1281273 पुरुष और 1104457 महिला व 167 अन्य मतदाता हैं। इनमें 80 साल से ऊपर के 22147 और 20625 दिव्यांग मतदाता है।
-
उम्मीदवार आएंगे जिला पंचायत गेट से
जो उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करने आएंगे। वह और उनके निर्वाचन अभिकर्ता जिला पंचायत के निकट कलक्ट्रेट गेट से प्रवेश करेंगे। साथ ही सभी अधिकारी, कर्मचारी मुख्य डाकघर के निकट स्थित गेट से प्रवेश करेंगे।
-
नामांकन के संबंधित सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। जो भी उम्मीदार नामांकन कराने के लिए आए वह कोविड-19 के नियमों को पूरी तरह से पालन करें। -दीपा रंजन, डीएम