बदायूं। जिले में ब्लैक स्पॉट पर साल भर कोई काम नहीं हुआ। अब जब हादसे बढ़े व सर्वाधिक हादसों वाले जिले में बदायूं शामिल हुआ तब ब्लैक स्पॉट में सुधार की बात कही जा रही है। जिले में 33 ब्लैक स्पॉट चिह्नित हैं। इनमें 12 नए हैं। अब यहां सुधार के कार्य कराए जाएंगे। साइन बोर्ड से लेकर कैट आई तक लगवाई जाएंगी। सड़क किनारे जहां गड्डे हैं वहां मिट्टी डलवाई जाएगी।
मुख्यमंत्री की वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद डीएम निधि श्रीवास्तव ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की थी। बैठक में जिले में बढ़ रहे हादसों पर मंथन किया गया था। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट चिह्नित करके उन पर सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए गए थे। वजीरगंज में मीना ढाबा के पास बने ब्लैक स्पॉट का हाल ही में अधिकारियों ने निरीक्षण किया था। यहां उन्होंने सभी सुधारात्मक कार्य कराए जाने की आवश्यकता जताई थी।
मंगलवार को एआरटीओ ने स्टेट हाईवे के ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया। उन्होंने बिसौली क्षेत्र के मदनजुड़ी के पास बने ब्लैक स्पॉट, फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के कस्बा मुड़िया धुरेकी, गनगोली व सिसरका आदि पर बने ब्लैक स्पॉट भी देखे। उन्होंने पाया कि ब्लैक स्पॉट पर सड़क किनारे गड्ढे भरे जाने की आवश्यकता है। अधिकारियों ने सड़क पर सफेद पट्टी और कैट आई लगाने की आवश्यकता भी जताई। उन्होंने सूची तैयार कर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को दे दी है, ताकी चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर जल्द सुधारात्मक कार्य शुरू किए जा सकें।
रहेड़िया चौकी के पास ब्लैक स्पॉट के नाम पर नहीं हुआ कोई काम
फर्रुखाबाद हाईवे पर बने वजीरगंज थाना क्षेत्र की रहेड़िया चौकी के पास ब्लैक स्पॉट है। यहां सड़क के बराबर में गहरा गड्ढा है, जिससे हर समय हादसा होने का भय रहता है। यहां ब्लैक स्पॉट के नाम पर कोई काम नहीं हुआ है। हाल यह है कि लोगों को पता भी नहीं कि यहां पर ब्लैक स्पॉट है। यहां रहेड़िया चौकी का बोर्ड लगा है, ब्लैक स्पॉट के नाम पर कोई काम नहीं हुआ।
नाम का ब्लैक स्पॉट, एक बोर्ड तक नहीं
मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर सिसरका गांव के पास ब्लैक स्पॉट है। यहां पर न तो कोई साइन बोर्ड है न संकेतक। मोड़ पर ही गड्ढा है। यहां मिट्टी तक नहीं डाली गई है। हाल यह है कि यहां आसपास के लोगों को ही नहीं पता कि सिसरका मोड़ ब्लैक स्पॉट में चिह्नित है। यहां कुछ भी काम नहीं किया गया।
मदनजुड़ी के पास ब्लैक स्पॉट पर लाइट तक की व्यवस्था नहीं
बिसौली क्षेत्र के मदनजुड़ी के पास बने ब्लैक स्पॉट पर भी कोई काम होना नहीं पाया गया। साइन बोर्ड, गति नियंत्रण का बोर्ड, कुछ भी नहीं था। रात में यहां अंधेरा छा जाता है। लाइट तक की व्यवस्था यहां नहीं है। सवाल यह उठता है कि साल भर हादसे होते रहे बावजूद इसके जिम्मेदार अनदेखी करते रहे।
जिले के सभी 33 ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्य किए जाने हैं। सभी का स्थलीय निरीक्षण कर सूची जिला प्रशासन व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को सौंपी जा रही है। - अम्बरीश कुमार, एआरटीओ
एमएफ हाइवे पर ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण करते एआरटीओ अम्बरीश कुमार।स्रोत-विभाग
एमएफ हाइवे पर ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण करते एआरटीओ अम्बरीश कुमार।स्रोत-विभाग