प्रवक्ता परीक्षा छूटने के बाद बस चढ़ते अभ्यर्थी। संवाद
- फोटो : हादसे में दुर्घटनाग्रस्त हुआ आटो
बदायूं। प्रवक्ता भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए अभ्यर्थियों को गंतव्य स्थानों पर जाने में कोई दिक्कत न हो, इसको ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों का संचालन किया। पेपर छूटने के बाद अभ्यर्थी रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचे। बसों की अधिकता होने के कारण सुल्तानपुर, अमरोहा, बरेली, बिजनौर आदि स्थानों को जाने वाले अभ्यर्थियों को सीट पाने में कोई जद्दोजहद नहीं करना पड़ी।
प्रवक्ता पदों पर हुई परीक्षा देने सुल्तानपुर, बिजनौर, रामपुर आदि शहरों से अभ्यर्थी पहुंचे थे। परीक्षा खत्म होने के बाद घरों को जाने के लिए अभ्यर्थी रोडवेज बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर पहुंचे तो दोनों जगहों पर भीड़ बढ़ गई। इस कारण शहर में हाथी पार्क, रोडवेज चौराहा, पुलिस लाइन चौराहा पर जाम की समस्या कुछ देर के लिए बन गई। वहीं रोडवेज बस स्टैंड पर अभ्यर्थी की संख्या के लिहाज से बसें पहले से ही मौजूद होने के कारण अफरातफरी जैसी स्थिति नजर नहीं आई। जिस रूट पर अभ्यर्थियों की संख्या अधिक थी, उन रूटों पर अतिरिक्त बसें भेजी गईं।
एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि अतिरिक्त बसों के माध्यम से अभ्यर्थियों को उनके गंतव्य तक भेजा गया। अनुमान के मुकाबले कम ही अभ्यर्थी रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचे थे। सभी अभ्यर्थी ने बसों में सीट पर बैठकर यात्रा की।