बदायूं। सदर कोतवाली क्षेत्र के जालंधरी सराय स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती नवजात बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों ने हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। इस बीच परिजन व अस्पताल प्रबंधन में आपसी समझौता हो गया। इसके चलते परिजनों ने कार्रवाई से इंकार कर दिया।
वजीरगंज कस्बा निवासी आकाश की पत्नी नीतू ने 30 जुलाई को बदायूं के प्राइवेट अस्पताल में बेटी को जन्म दिया। इस दौरान नवजात के मुंह में गंदा पानी चला गया था। इससे उसकी हालत बिगड़ गई थी। इसके चलते उसे ऑक्सीजन लेने में परेशानी हो रही थी। महिला डॉक्टर की सलाह पर परिजनों ने नवजात बच्ची को 31 जुलाई के लिए जालंधरी सराय स्थित एक अस्पताल में भर्ती करा दिया था। तब से उसका उपचार इसी अस्पताल में चल रहा था। सोमवार सुबह बच्ची ने हालत बिगड़ने के बाद दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों ने जमकर हंगामा किया। इससे अस्पताल स्टाफ में अफरा तफरी मच गई। हंगामे की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हंगामा शांत कराया है। जिसके बाद परिजनों व अस्पताल प्रबंधन में आपसी समझौता हो गया। परिजन रोते बिलखते बच्ची के शव को घर ले गए। सदर कोतवाल प्रवीण सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस अस्पताल गई थी। अस्पताल के डॉक्टर व परिजनों ने समझौता कर लिया। परिजनों ने कार्रवाई से इंकार किया है।