कुंवरगांव। थानाक्षेत्र के बनेई गांव में एक नवजात बच्ची के जन्म की खुशी कुछ ही घंटों में मातम में बदल गई। डिलीवरी के बाद तबीयत बिगड़ने पर बरेली ले जाते समय मंगलवार को 25 वर्षीय सना बेगम की मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक सना बेगम पत्नी अजहर को प्रसव पीड़ा होने पर बदायूं के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उन्होंने बेटी को जन्म दिया, लेकिन इसके बाद उनकी हालत अचानक गंभीर हो गई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बरेली रेफर कर दिया। परिजन एंबुलेंस से बरेली ले जा रहे थे, तभी रास्ते में ही सना बेगम ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका अपने पीछे पांच वर्षीय बेटे और नवजात बेटी को छोड़ गई हैं। पति अजहर गांव में मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मंगलवार देर शाम गांव में ही गमगीन माहौल में सना बेगम को सुपुर्दे खाक कर दिया गया।