बदायूं। चैत्र नवरात्र की नवमी पर मां दुर्गा की नवीं शक्ति सिद्धिदात्री का पूजन किया गया। रविवार को घरों, मंदिरों व देवी पंडालों में हवन पूजन हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने व्रत का पारायण कर कन्याओं को भोज कराया। वहीं नगला मंदिर पर विशाल भंडारे में हजारों भक्तों की भीड़ जुटी। वहां पर दिन भर मेले जैसा माहौल बना रहा।
रविवार को नवरात्र का अंतिम दिवस था। सुबह से ही घरों में कन्या भोज की तैयारियां शुरू हो गईं। ऐसे में छोटे बच्चे काफी खुश दिखाई दिए। भोज के साथ-साथ उन्हें दक्षिणा भी मिली। छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मान कर लोगों ने चरण छुए।
शहर के नगला देवी मंदिर में सुबह से रौनक देखने को मिली। सुबह पांच बजे से भक्तों ने मंदिर में पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इसके अलावा जिले भर के देवी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ लगी रही।
बिसौली। नगर के गंवादेवता मंदिर पर नवरात्र समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। वहीं सुबह से ही भक्तों ने मंदिर परिसर पहुंचकर माता सिद्धिदात्री की पूजा अर्चना की। इस मौके पर कपिल आनंद, वरुण शर्मा, मोनू महाजन, दुर्गेश वार्ष्णेय, अमित कुमार, जुगेंद्र यादव मौजूद रहे।
उसावां। रामनवमी पर नौ दिनों तक माता का व्रत रखने वाले भक्तों ने कन्याओं को खीर पूड़ी का भोजन कराया। कन्याओं की परिक्रमा करने के बाद दक्षिणा दी गई। वहीं कस्बे के दुर्गा माता मंदिर, होली चौक के राधेश्याम मंदिर, अस्पताल के मनकामेश्वर मंदिर, पुराने इतवार वाले बाजार के दुर्गा मंदिर पर गंगाजल चढ़ाकर भक्तों ने पूजा की।
बिल्सी। सांई मंदिर पर श्रद्धालुओं ने नवरात्रि के अंतिम दिन फल बांटे। माता रानी की पूजा-अर्चना कर भक्तों ने हवन भी कराया। इस मौके पर समाजसेवी डॉ. राजेश सिंह, राहुल, अजय, मोनू राठौर, अखिलेश सोलंकी, अनुज राठौर एवं मंदिर के महंत राजीव पाठक मौजूद रहे।
इधर गांव बांस बरोलिया में ऋषि आश्रम शुभ सेवा संस्थान की ओर से संचालित वृद्धाश्रम पर रामनवमी के उपलक्ष्य में हवन-यज्ञ के साथ भंडारा हुआ। उमाशंकर शास्त्री ने हवन-यज्ञ के साथ पूजा संपन्न कराई। वेदव्यास शर्मा, ओमकार सिंह तोमर, डॉ.शिव गौड़ आदि मौजूद रहे। नगर के अन्य मंदिरों में भी रामनवमी पर पूजा की गई। श्रद्धालुओं ने नवरात्र व्रत का पारायण कर कन्याओं को भोज कराकर पुण्य लाभ कमाया।
इधर, गांव गुधनी के आर्य समाज मंदिर पर आचार्य संजीव रूप ने यज्ञ किया। इस मौके पर विनीत सिंह, राकेश आर्य, ज्योति रानी, संतोष कुमारी, भावना, ईशा, प्रश्रय आर्य आदि मौजूद रहे।
नगला मंदिर में माता रानी के दर्शन करते भक्तजन। संवाद- फोटो : BADAUN