बदायूं। शराब सेल्समैन मुकेश हत्याकांड मामले में शराब कारोबारी ज्योति व मैनेजर पंकज की मुश्किलें बढ़ने वाली है। कुंवरगांव पुलिस ने पहले दोनों आरोपियों को विवेचना में क्लीनचिट दे दी थी। अब क्राइम ब्रांच ने नए सिरे से विवेचना शुरू की तो दोनों के नाम शामिल कर लिए हैं। वहीं, जेल गए चार बदमाशों और ज्योति व पंकज के संबंध की जांच रही है।
14 मई की रात कुंवरगांव थानाक्षेत्र के गांव दुगरैया के देशी शराब के सेल्समैन मुकेश यादव की दुकान पर ही दो गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह बिनावर थानाक्षेत्र के गांव रंझौरा के रहने वाले थे। हत्या के बाद ही मुकेश के भाई रामवीर ने बदायूं के शराब कारोबारी ज्योति मेहंदीरत्ता व जनरल मैनेजर पंकज खुराना समेत दो अज्ञात के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया था। मामला शराब से जुड़ा होने को लेकर पुलिस ने देर रात में ही दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।
परिजनों का कहना था कि जिस दुकान पर मुकेश बैठ रहे थे। पहले वह शराब कारोबारी की कंपनी के अनुज्ञापी के नाम पर थी, लेकिन वित्तीय वर्ष में दुकान बरेली की एक महिला के नाम पर आवंटित हो गई। महिला मुकेश की परिचित थीं। इसलिए मुकेश ने ज्योति के लिए काम करना छोड़ दिया था। मुकेश देसी शराब 10 रुपये कम में बेच रहा था। इससे शराब कारोबारी को सीधा नुकसान हो रहा था। इस हत्याकांड में पुलिस ने जब खुलासा किया तो उसकी पटकथा बदल दी गई। पुलिस ने दावा कि मुकेश की हत्या लूट के लिए की गई थी। पुलिस ने बिहारी समेत चार बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में नामजद किए गए ज्योति व पंकज को क्लीनचिट दे दी थी। इससे गुस्साए परिजनों ने काफी दिन धरना दिया। मामला तूल पकड़ने पर पुलिस अधिकारियों ने हत्याकांड की जांच कुंवरगांव थाने से क्राइम ब्रांच को सौंप दी थी। हत्याकांड की जांच क्राइम इंस्पेक्टर अजब सिंह कर रहे है।
बगैर साक्ष्यों और पूछताछ के नामजदों को दे थी क्लीनचिट
सेल्समैन मुकेश यादव की हत्या की जांच कुंवरगांव थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने की थी। परिजनों का आरोप था कि इंस्पेक्टर ने आरोपी बनाए गए ज्योति मेहंदीरत्ता व पंकज से पूछताछ नहीं की। इंस्पेक्टर ने साक्ष्य भी संकलित नहीं किए। उन्होंने दोनों आरोपियों को क्लीनचिट दे दी। विवेचना कर रहे इंस्पेक्टर अजब सिंह ने बताया कि दोनों ही आरोपियों के नाम विवेचना में शामिल कर लिए गए है। साक्ष्यों को भी संकलन किया जा रहा है।