वजीरगंज। नगर पंचायत अध्यक्ष व ईओ पर सदस्यों के पक्षपात के आरोपों और हंगामे के बीच नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में विकास संबंधी कई प्रस्ताव पास हो गए। बैठक में माता मंगला देवी मेला अध्यक्ष का चुनाव भी सर्वसम्मति से हो गया। अप्रैल माह में आयोजित होने वाले मेले के लिए योत्सना कौर उर्फ लाली को अध्यक्ष चुना गया।
नगर पंचायत अध्यक्षा शमा परवीन की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभासद योगेश वार्ष्णेय, ओमकार जाटव ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड में विकास कार्यों में पक्षपात हो रहा है। अगर वह काम कराने को चेयरमैन से कहते हैं तो वह ईओ पर टाल देती हैं और ईओ से कहने पर वह चेयरमैन पर टाल देते हैं। पक्षपात का आरोप लगाते हुए कई सदस्यों ने हंगामा भी किया।
इस बीच नगर में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसी कैमरे लगवाने, बिल्सी और आंवला चौराहे का सुंदरीकरण समेत कई सड़कों और नाले-नालियों के निर्माण के प्रस्तावों को बोर्ड ने मंजूरी दे दी। पार्किंग नीलामी, ठेका बाजार, नखासा पर भी विचार हुआ। बैठक में ईओ डीके रॉय, मोहम्मद उमर कुरैशी, शहंशाह अब्बास, विनयलता सक्सेना, राहुल वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।