फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करंट लगाकर पति को मार डाला, पत्नी और उसका प्रेमी गिरफ्तार

विज्ञापन
हत्यारोपी सलीम। संवाद - फोटो : BADAUN
विज्ञापन
बदायूं। इस्लामनगर कस्बे के मोहल्ला मुस्तफाबाद में 30 वर्षीय शरीफ की उसकी पत्नी शबनम और प्रेमी सलीम ने बिजली का करंट लगाकर हत्या कर दी। परिवार वालों के मुताबिक इससे पहले शबनम ने खाने में नशीला पदार्थ दिया, जिससे शरीफ बेहोश हो गया। फिर शबनम ने अपने प्रेमी को बुलाकर उसको चारपाई से बांध, बिजली का करंट लगाया। थाना पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई।
विज्ञापन

कस्बे के मोहल्ला मुस्तफाबाद निवासी शरीफ (38) पुत्र रहमान मूलरूप से इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव मईकलां का रहने वाला था लेकिन उसने और उसके भाइयों ने मुस्तफाबाद मोहल्ले में अपना-अपना मकान बनवा लिया था। बड़े भाई इरफान के मुताबिक वह और शरीफ दिल्ली में रहकर मजदूरी कर रहे थे। रविवार शाम दोनों दोनों दिल्ली से लौटकर आए थे। रात करीब आठ बजे शरीफ और उसकी पत्नी शबनम के बीच झगड़ा हुआ। जब मामला शांत हुआ तो वह सोने चले गए।
मध्यरात्रि के बाद करीब एक बजे इरफान की पत्नी फरीन ने पड़ोसी सलीम को शरीफ के घर से निकलते देखा। सुबह पता चला कि शरीफ की करंट लगने से मौत हो गई।
इस पर परिवार के सभी लोग आ गए। उन्होंने शरीफ के शरीर पर जगह-जगह करंट लगने से जले हुए निशान देखे तो शक होने पर पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस को उन्होंने बताया कि शरीफ की करंट लगाकर हत्या की गई है। आरोप लगाया कि शरीफ की पत्नी शबनम का पड़ोसी सलीम से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इससे दोनों ने शरीफ को रास्ते से हटा दिया। इस पर पुलिस शबनम को थाने ले गई, जहां उसने कबूल कर लिया कि उसने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर करंट लगाकर पति की हत्या की है।
विज्ञापन

उसने बताया कि इससे पहले उसने शरीफ को खाने में नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया। फिर उसे चारपाई से बांधकर करंट लगाया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इरफान ने शबनम और उसके प्रेमी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। शरीफ के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।
-
इस्लामनगर कस्बे के मुस्तफाबाद मोहल्ले में एक युवक की करंट लगाकर हत्या की गई है। परिवार वालों की शिकायत पर जब युवक की पत्नी को थाने ले जाया गया, तो उसने खुद ही अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसके प्रेमी को भी थाने लाया गया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर दोनों को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
- सिद्धार्थ वर्मा, एसपी देहात
--
प्रेमी लाया नशे की गोलियां और तार, फिर ली करंट लगाकर पति की जान
इस्लामनगर (बदायूं)। पति शरीफ की करंट लगाकर हत्या के मामले में नशे की गोलियां और बिजली का तार प्रेमी सलीम लाया था। उसने यह गोलियां दिन में ही लाकर दे दी थीं। रात में पत्नी शबनम ने तीन गोलियां पति के खाने में मिला दीं। इससे वह अचेत हो गया। बाद में प्रेमी के लाए तार को वहीं कमरे में बोर्ड में लगाकर पति के शरीर पर कई स्थानों पर करंट लगाकर उसको मौत के घाट उतार दिया गया।
इस्लामनगर के शरीफ हत्याकांड को सुनकर लोगों की अमरोहा के वर्ष 2008 में हुए बावनखेड़ी हत्याकांड की याद ताजा हो गई। यह संयोग ही है कि वहां शबनम ने प्रेमी सलीम के साथ मिलकर अपने परिवार के आठ लोगों को कुल्हाड़ी से काट डाला था तो इस्लामनगर की शबनम ने भी अपने प्रेमी सलीम के साथ मिलकर पति को करंट लगाकर मार डाला। हालांकि उस शबनम को फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है लेकिन इस शबनम को मंगलवार को जेल भेजा जाएगा।
कस्बे के मोहल्ला मुस्तफाबाद निवासी शरीफ पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसके तीन बच्चे हैं। उनमें नौ वर्षीय सोफिया, आठ वर्षीय रिजवान और चार वर्षीय फैजान है। उसकी आमदनी का जरिया केवल मजदूरी था। इससे शरीफ कई साल से दिल्ली में रहकर मजदूरी करता आ रहा था लेकिन उसे क्या पता था कि उसकी यही वजह एक दिन उसकी हत्या की वजह बन जाएगी। बड़े भाई उस्मान के मुताबिक शरीफ की पत्नी शबनम का काफी समय से पड़ोसी सलीम से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हालांकि सलीम भी शादीशुदा है और वह भी मजदूरी करता है।
इसके बारे में परिवार के सभी लोगों को जानकारी थी लेकिन शरीफ बच्चों की खातिर चुप रह जाता था। एक-दो बार परिवार के लोगों ने उन्हें रंगेहाथ पकड़ भी लिया था, जिस पर काफी विवाद हुआ था। इसके बाद ही शबनम ने शरीफ को रास्ते से हटाने की योजना बना ली थी। चूंकि किसी अन्य तरह हत्या किए जाने पर सीधे उस पर आरोप लग जाता, इसलिए उसने बिजली का करंट लगाकर हत्या करने की योजना बनाई। उसे पता था कि रविवार शाम शरीफ दिल्ली से आ रहा है। इससे उसने पहले से ही नशे की गोलियां लाकर घर में रख लीं। फिर खाने में उन्हें मिला दिया, जिससे शरीफ बेहोश हो गया और शबनम व उसके प्रेमी ने उसकी करंट लगाकर हत्या कर दी।
-
कई जगह लगाया करंट, इससे गहराया शक
परिवार वालों के मुुताबिक उन्हें अवैध संबंधों के बारे में पहले से जानकारी थी लेकिन जब उन्होंने शरीफ के शरीर पर जगह-जगह करंट लगने से जले हुए के निशान देखे तो उन्हें शक हुआ। परिवार वालों ने बताया कि शरीफ को उसके मुंह, जीभ, हाथ, पैर और अन्य जगह पर करंट लगाया गया। उसने पहले तार जोड़ने के दौरान करंट लगना बताया लेकिन पुलिस के पूछने पर शबनम ने सबकुछ उगल दिया।
-
बच्चे बोले- कमरे से बाहर निकाल दिया था हमें
शरीफ के बच्चों ने बताया कि हत्या के दौरान वह कमरे में नहीं थे। उन्हें तो उससे पहले ही कमरे से बाहर निकाल दिया गया था। वह बाहर चारपाई पर सो रहे थे। उन्होंने सलीम को घर में आते-जाते देखा था। सुबह शबनम ने बच्चों को बताया कि उनके पिता की करंट लगने से मौत हो गई। संवाद

हत्यारोपी शबनम। संवाद- फोटो : BADAUN

मृतक शरीफ फाइल फोटो। संवाद- फोटो : BADAUN

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें