बदायूं। बदायूं लोकसभा क्षेत्र के सांसद आदित्य यादव ने उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पत्र लिखकर गंगा एक्सप्रेसवे पर नए इंटरचेंज के निर्माण की मांग की है। पत्र में सांसद ने गंगा एक्सप्रेसवे के बिसौली–बिल्सी रोड स्थित रानेट चौराहा के समीप ग्राम नागपुर में इंटरचेंज निर्माण की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने अवगत कराया कि मेरठ से प्रयागराज तक लगभग 594 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे जनपद बदायूं से करीब 93 से 95 किलोमीटर की दूरी तक होकर गुजरता है। इस एक्सप्रेसवे का सीधा प्रभाव सदर, बिसौली, बिल्सी और दातागंज तहसीलों के लगभग 85 गांवों पर पड़ता है।
सांसद ने बताया कि वर्तमान में जिले के घटपुरी (बदायूं–बरेली मार्ग), डहरपुर (बदायूं–दातागंज मार्ग) और बनकोटा (बदायूं–मुरादाबाद मार्ग) के समीप इंटरचेंज उपलब्ध अथवा प्रस्तावित हैं, लेकिन इन इंटरचेंजों के बीच की दूरी अत्यधिक होने के कारण बिल्सी, बिसौली, सहसवान और इस्लामनगर क्षेत्र के लोगों को गंगा एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के लिए 25 से 40 किलोमीटर तक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। सांसद आदित्य यादव ने बताया कि रानेट चौराहा के पास स्थित ग्राम नागपुर भौगोलिक दृष्टि से इंटरचेंज निर्माण के लिए अत्यंत उपयुक्त स्थान है।