फैजगंज बेहटा क्षेत्र में खड़ा केंटर, इसमें ही फंदे पर लटका मिला चालक। संवाद
- फोटो : udhampur news
फैजगंज बेहटा/ओरछी। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में एमएफ हाईवे पर सिसरका गांव के पास खड़े कैंटर की छत के एंगिल से उसी के चालक का शव फंदे से लटका मिला है। सोमवार को इस मामले की जानकारी पर पुलिस ने कैंटर की नंबर प्लेट के आधार पर उसके मालिक से संपर्क किया तब पता लगा कि शव उसी कैंटर चालक का है। पुलिस हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में लगी है। मृतक उन्नाव जिले का निवासी बताया जा रहा है।
थानाध्यक्ष राजकुमार के अनुसार कैंटर गाजीपुर के महमूदपुर थाना के गांव शादीपुर का निवासी संदीप कुमार का है। उसने पुलिस को बताया कि मनोज (30) पुत्र नंदू उसके कैंटर का चालक है। उन्नाव जिला के गांव रसूलाबाद का निवासी है। वह कैंटर में कबाड़ लेकर पंजाब जा रहा था। पूरे मामले की जांच की जा रही है। कई बिंदुओं पर जांच होनी है। जांच के बाद ही सही स्थिति का पता लग सकेगा। सीओ बिसौली सुनील कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण पता लग सकेगा। पुलिस टीम इस पूरे मामले की जांच कर रही है।