बदायूं। दो दिन से चल रही पहाड़ी हवा ने ठंड बढ़ा दी है। हवाओं के असर से धूप के भी तेवर तल्ख नहीं रहे। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। रात के समय लोगों को कंबल ओढ़ने की जरूरत पड़ रही है। मौसम विभाग का मानना है कि अभी दो से तीन दिनों तक सुबह शाम ठंड का असर रहेगा।
सप्ताह भर पहले ठंड लगभग खत्म हो गई थी। रात को भी लोग पंखा कूलर आदि चलाकर हल्की चादर ओढने लगे थे, लेकिन शुक्रवार रात से अचानक चली पहाड़ी हवा ने ठंड बढ़ा दी। सुबह शाम को लोग बिना गर्म कपड़ों में नहीं चल पा रहे हैं। दो दिन पहले तक दिन में तल्ख धूप का असर इस कदर था कि लोग बर्दाश्त नहीं कर पा रहे थे। दिनभर गर्मी का असर बना रहता था। हवाओं का मिलाजुला असर भी देखा जा रहा था। दो दिन से चल रही पहाड़ी हवा से मौसम बदल गया। उत्तर व पश्चिम की पहाड़ी हवाओं के दस्तक देते ही दिन में ठंड का एहसास होने लगा है। दो दिन पहले अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 22 डिग्री तक दर्ज किया गया था। अब ठंडी हवा चलने से अधिकतम तापमान 34.7 व न्यूनतम तापमान 17.9 रह गया है।
दिनभर उत्तरी-पश्चिमी हवाओं का असर बना हुआ है। जिससे अब दिन में भी हल्की ठंड का असर शुरू हो गया है। धूप के तेवर भी नम हो गए हैं। हालांकि अभी लोग गुनगुनी धूप का आनंद ले रहे हैं, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अब ठंड धीरे-धीरे समाप्त हो जाएगी। सुबह शाम को बुजुर्ग और बच्चों को गर्म कपड़े स्वेटर, जैकेट में देखे जा रहे हैं। रात में रजाई व कंबल का लोग सहारा ले रहे हैं। मौसम वैज्ञानिक आलोक सागर गौतम ने बताया कि पहाड़ी हवाओं के दखल से ठंड का असर बढ़ गया है। आने वाले दिनों में ठंड का असर पूरी तरह से खत्म हो जाएगा। संवाद
यह रहा तापमान
26 मार्च अधिकतम 35.08, 18.1 न्यूनतम
27 मार्च अधिकतम 36.2, न्यूनतम -21.9
28 मार्च अधिकतम 38.9, न्यूनतम -22.0
29 मार्च अधिकतम 33.9, न्यूनतम-17.5
30 मार्च अधिकतम 34.7, न्यूनतम-17.9 डिग्री रहा