राजकीय महाविद्यालय में हुई कार्यशाला में मौजूद छात्राएं। स्रोत- कॉलेज प्रशासन
बदायूं। राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को उद्यमिता जागरूकता एवं कौशल विकास विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में छात्रों को अपनी उद्यमशील क्षमता को पहचानने और उसे साकार करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में प्रोत्साहित करना था। एनएसआईसी के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण अवसरों और लघु उद्योग स्थापना की प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला रोजगार सृजन केंद्र के संयोजक डॉ. राकेश कुमार जायसवाल के स्वागत भाषण से हुआ। कार्यशाला की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ने की, जबकि संचालन डॉ. गौरव कुमार सिंह ने किया। मुख्य वक्ता एनएसआईसी के विकास अधिकारी यशवीर सिंह ने उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं विचार-विमर्श, बाजार विश्लेषण, वित्त पोषण और चुनौतियों पर काबू पाने में दृढ़ता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यशाला में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। अंत में प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।