सहसवान। कस्बे में हरदत्तपुर मार्ग पर अवैध अस्पताल संचालकों के बीच वर्चस्व में बुधवार सुबह दूधिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर नए खोले अस्पताल के संचालक की हत्या के मकसद से आए थे, लेकिन निशाना चूकने से दूधिया के सिर में गोली लग गई। दूधिया की पत्नी की तहरीर पर सगे भाई समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव कुकरईया उर्फ सिठौलिया पुख्ता निवासी वीरेश (32) पुत्र उदयवीर दूध बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे बाइक से सहसवान कस्बे में दूध बेचने गए थे। वह हरदत्तपुर मार्ग से होते हुए नट बाबा देव स्थान को जाने वाले रास्ते पर जा रहे थे। तभी वहां पहुंचे बाइक सवार तीन हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। सिर में गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दूधिया की हत्या की खबर मिलते ही परिवार के लोग ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचे और हंगामा किया। मौके पर एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने गिरफ्तारी के निर्देश दिए है। दूधिया की पत्नी विनिता की तहरीर पर पुलिस ने सेवा नर्सिंग होम संचालक हरवेश कुमार उर्फ हर्ष यादव, अवधेश पुत्रगण रामौतार सिंह व सचिन निवासी गांव अकबरपुर थाना गुन्नौर जिला संभल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसएसपी ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीम गठित की है।