भारत की जनगणना 2011 के आंकड़ों में कई और विवरण भी शामिल किए जाएंगे। इसमें जिला, तहसील, विकास खंड, नगर एवं ग्राम पंचायत स्तर तक के सभी राज्य एवं भारत सरकार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पद, नाम सहित जिला स्तरीय सरकारी, प्राइवेट पंजीकृत उद्योगों और गैर पंजीकृत पारिवारिक उद्योगों में सभी पदों पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पदनाम का डेटा भी शामिल किया जाएगा। संभल की गुन्नौर तहसील क्षेत्र के आंकड़े भी बदायूं में ही शामिल होंगे।
मंगलवार को कलक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में उक्त आंकड़े एकत्र करने के लिए डीएम शंभूनाथ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। डीएम ने वे सभी आंकड़े 20 जनवरी तक निर्धारित प्रपत्र पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। गैर पंजीकृत और पारिवारिक उद्योगों में विभिन्न पदों पर कार्यरत कर्मियों के आंकड़े एकत्र करने के लिए स्थानीय निकाय के अधिशाषी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। डीएम ने कहा है कि परिवार के एक या अधिक सदस्यों द्वारा अपने घर पर कोई औद्योगिक कार्य किया जा रहा है तो उनको पारिवारिक उद्योग में शामिल करते हुए उसमें कार्यरत व्यक्तियों की अधिकतम संख्या मुखिया सहित आंकड़े एकत्र किए जाएं। डीएम ने निर्देश दिए कि राज्य एवं भारत सरकार के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों नगर पालिका के कर्मचारियों, अध्यापक, वाणिज्य, व्यवसाय, परिवहन, बैंकिंग, खनन निर्माण आदि के कर्मचारियों को आंकड़ों में शामिल किया जाए।
डीएम ने महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिए कि वह पंजीकृत उद्योगों, विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण के आधार पर उद्योग चलाने वाले कर्मियों का विवरण तैयार कर उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि ईंट भट्ठों पर कार्यरत कर्मियों के भी आंकड़े तैयार किए जाएं।
जिला संभल जिले की गुन्नौर तहसील क्षेत्र के आंकड़े भी इसी जिले में सम्मिलित किए जाएंगे। वर्ष 2011 में हुई जनगणना के समय गुन्नौर तहसील इसी जिले में शामिल थी। इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेंद्र प्रसाद यादव, एसडीएम, ईओ, अर्थ एवं संख्याधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।