कलक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ बैठक करते एडीएम एफआर। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। जिले में सूखा, बाढ़ आपदा से बचाव और पूर्व तैयारी के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ एडीएम ने कलक्ट्रेट में बैठक की। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी एक सप्ताह में अपने-अपने विभाग की कार्ययोजना बनाकर उपलब्ध कराएं।
एडीएम एफआर संतोष कुमार वैश्य ने सूखे से निपटने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। कहा कि वह पेयजल के सभी स्रोतों, संसाधनों की उचित मरम्मत कराएं ताकि वह पूर्ण उपयोग के लिए तैयार रहे। पेयजल के लिए कुओं को आवश्यकतानुसार गहरा कराया जाए और पशुओं के पेयजल संकट निवारण के लिए सिंचाई विभाग के नलकूपों, निजी नलकूपों के माध्यम से तालाब, पोखर भरवाने की व्यवस्था की जाए।
वहीं बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ चौकी, बाढ़ राहत केंद्रों की स्थापना और स्टाफ की तैनाती कर लें। बांधों की सुरक्षा नियमित होती रहे। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का सर्वेक्षण पहले से कर लिया जाए।