बदायूं। दो लाख रुपये व बुलेट बाइक को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता को पीटा। उसके बाद तीन तलाक कह कर घर से निकाल दिया। घर लौटने पर जिंदा फूंकने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव भवापीपुर खैरू निवासी गुलिस्ता ने पुलिस को बताया कि उसका निकाह साल 2013 में मोहल्ला पट्टी यकीन मोहम्मद निवासी कमर अहमद के साथ हुआ। परिजनों ने निकाह में हैसियत के हिसाब से काफी दान दहेज दिया, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग दहेज से खुश नहीं हुए। उनका पति व ससुराल पक्ष के लोग दो लाख रुपये नकद व एक बुलेट बाइक की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट व प्रताड़ित करते। उसके पांच बच्चे हैं।
16 जून की रात वह कमरे में बच्चों के साथ सो रही थी। उसके कमरे में उस्मान व शाहरुख आ गए और उस पर तमंचा तान दिया। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद भाग निकले। उन्होंने पति कमर अहमद, देवर मुजीब, ननद सितारा व देवरानी सोनम को बताया तो वह भी गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे कमरे में बंदकर पीटा। सभी आरोपियों के कहने पर उसके पति ने उसे तीन बार तलाक कहकर घर से निकाल दिया। घर लौटने पर जिंदा जलाकर हत्या करने की धमकी दी। पुलिस ने पति समेत छह आरोपियों के खिलाफ मुस्लिम महिला विवाह पर अधिकारों की सुरक्षा एक्ट के तहत दहेज प्रताड़ना, मारपीट व धमकी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।