अलापुर। अलापुर थाना क्षेत्र के गांव खिरिया में शनिवार शाम एक विवाहिता की मौत हो गई। उसका शव फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल के लोगों पर हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को सूचना दी। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव देवरमई निवासी प्यारेलाल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने करीब 14 साल पहले अपनी बेटी त्रिवेणी (35) की शादी अलापुर के खिरिया निवासी अनिल के साथ की थी। उन्होंने बेटी की शादी में हैसियत के हिसाब से दहेज दिया था। त्रिवेणी के तीन बच्चे हैं। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट करते थे। शनिवार शाम उन्होंने उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को फंदे से लटका दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। एसओ उदयवीर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। तहरीर व रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।