बिल्सी-खितौरा मार्ग पर मंगलवार रात एक बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में ढकपुरा गांव निवासी युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसका शव रातभर सड़क किनारे पड़ा रहा। बुधवार सुबह राहगीरों ने शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी गई।
बदायूं के बिल्सी क्षेत्र में बिल्सी-खितौरा मार्ग पर खैरी गांव के पास मंगलवार रात एक बाइक अनियंत्रित होकर लोहे के बिजली के खंभे से टकरा गई। इस हादसे में ढकपुरा गांव निवासी 25 वर्षीय रजनेश की मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक रजनेश बाइक से बिल्सी से अपने गांव लौट रहे थे। खैरी गांव के निकट अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रजनेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। रात में हादसे की जानकारी किसी को नहीं हो सकी।
सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे पड़ा देखा शव
बुधवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे खंभे के पास शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। एसएसआई घनश्याम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
बताया गया कि रजनेश के माता-पिता और पत्नी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उनका एक भाई बिल्सी में रहता है, जबकि वह गांव में ही रहते थे। सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है।