बदायूं। हजरतपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह के चलते पत्नी से फोन पर हुए विवाद के बाद युवक ने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी।
विज्ञापन
हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव चकवा निवासी 24 वर्षीय पवन पुत्र बाबूराम का पत्नी संजीवन से आए दिन पारिवारिक विवाद होता रहता था। इसी कलह के चलते संजीवन 9 नवंबर को अपने मायके चली गई थी। भाई धर्मवीर ने बताया कि शुक्रवार शाम को पवन और उसकी पत्नी के बीच फोन पर काफी देर तक बातचीत हुई। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया।
इसके बाद पवन घर के एक कमरे में चला गया और फंदा लगाकर जान दे दी। काफी देर तक पवन के कमरे से बाहर न आने पर परिजनों को चिंता हुई। कमरे में जाकर देखा तो उसका शव फंदे पर लटका मिला। यह देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि सूचना पर टीम ने पहुंच कर मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।