बदायूं के कस्बा बगरैन में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। यहां गौरी शंकर इंटर कॉलेज के सामने टैंकर से कुचलकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। दर्दनाक हादसा वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र के कस्बा बगरैन में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक शख्स जिस टैंकर से उतरा, चंद सेकंड बाद उसी टैंकर से कुचलकर उसकी मौत हो गई। हादसा आंवला-बिसौली रोड स्थित गौरी शंकर इंटर कॉलेज के सामने हुआ। हादसा सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया। मृतक की पहचान 55 वर्षीय अब्दुल वाहिद के रूप में हुई है। वह बरेली के आंवला क्षेत्र के मनौना गांव के रहने वाले थे।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार सुबह गौरी शंकर इंटर कॉलेज के सामने डीजल टैंकर रुका। उसके केबिन से अब्दुल वाहिद नीचे उतरे और पैदल आगे चलने लगे। इसी दौरान चालक ने टैंकर चला दिया, जिसकी चपेट में अब्दुल आ गए। उनके ऊपर से टैंकर का पहिया गुजर गया। हादसा पास के भवन में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया। उसके चालक को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।