दो किलोमीटर सड़क पर रोड़ा डालकर जेसीबी से कराया बराबर
कस्बे से बस स्टैंड तक बदहाल रोड पर रोज हो रहीं सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए समाजसेवी भट्ठा मालिकों ने रोड़ा डालकर जेसीबी से बराबर कराया, लेकिन बारिश होने से गड्ढों में दलदल की स्थित हो गई है। इससे लोगों का निकलना उस रोड से बंद हो गया है। भट्ठा मालिक रोड़े के साथ उसमें भट्ठे की राख डालेंगे, जिससे सड़क को सही कराकर आवागमन शुरू कराया जा सके।
इस रोड को बनवाने के लिए कई बार शिकायत, ज्ञापन, धरना और प्रदर्शन हुए, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। दिन ब दिन बदहाल होते रोड पर जलभराव में गिरकर लोग घायल होने लगे। इससे लोगों ने उधर से गुजरना बंद कर दिया। इस पर सच्चिदानंद भट्ठा मालिक नत्थू सिंह ने कई बार सभी भट्ठा मालिकों के पास जाकर रास्ता सही कराने में सहयोग की अपील की। इस पर राजी हुए भट्ठा मालिकों ने अपने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से रोड़ा डलवाया। वहीं जेसीबी मालिक दिलीप सिंह ने इसको सही करा दिया। सड़क सही कराने वालों में शरद कुमार, विवेक कुमार, राजेंद्र सिंह, राजवीर सिंह, जगराव सिंह, सुरेश चंद्र सिंह, बाबू सिंह, दिग्विजय सिंह, शिव सिंह, पूर्व राज्यमंत्री भूपेंद्र सिंह दद्दा,राजीव कुमार उर्फ टीटू, मानवेंद्र सिंह, नितिन कुमार संजू आदि का विशेष सहयोग रहा।